लोकपर्व हरेला के अवसर पर भाजपा उत्तराखंड ने पूरे प्रदेश में एक माह तक चलने वाले व्यापक वृक्षारोपण अभियान की घोषणा की है।
16 जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाले एक पेड़ मां के नाम भियान के तहत प्रदेश भर में छह लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत राज्य के सभी 11,729 बूथों पर न्यूनतम 50-50 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक समितियों का गठन किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट को अभियान का संयोजक बनाया गया है, जबकि महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी और युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोली को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकाय एवं पंचायत प्रतिनिधि भी सक्रिय भागीदारी करेंगे। सांसद अपने संसदीय क्षेत्रों में कम से कम 10 और विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि न्यूनतम 15 पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं और आमजन से अधिकाधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और उत्तराखंड में हरेला पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पेड़ मां के नाम पहल को हरेला की परंपरा से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
भाजपा ने अभियान के लिए पहले से स्थान चिह्नित करने, गड्ढे तैयार करने और पौधों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना बनाई है। साथ ही प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी भी पार्टी कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी, ताकि लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।





