देहरादून. प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होना है. ऐसे में सियासी समीकरण का गणित बिठाने की कोशिश में भाजपा जुट गई है. ऐसे में भाजपा ने धामी कैबिनेट का विस्तार करते हुए 5 नए मंत्री बनाए हैं. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने पांचों मंत्रियों को शपथ दिलाई. अब धामी कैबिनेट में कुल 12 मंत्री शामिल कर हो गए हैं. माना जा रहा है कि भाजपा जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए बड़ा सोच-विचार कर नए चेहरों को कैबिनेट में जगह दी है, ताकि अगले साल होने वाले विधानसभा में इसका फायदा उठाया जा सके.
बता दें कि पिछले कई महीने से प्रदेश की सियासत में धामी कैबिनेट के विस्तार की चर्चा चल रही थी, जिस पर अब भाजपा ने विराम लगा दिया है. भाजपा ने धामी कैबिनेट में 5 नए चेहरों को शामिल किया है, जिनमें राजपुर विधायक खजान दास, हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक, भीमताल से विधायक राम सिंह केड़ा, रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा और रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी का नाम शामिल है.
बता दें कि बीते दिनों हरिद्वार के तीन, देहरादून के दो और कुमाऊं क्षेत्र के कुछ विधायक दिल्ली पहुंचे थे. सभी नेता अपनी पहुंच और पकड़ का हावला देकर मंत्री पद पाने की कोशिश में लगे हुए थे. सूत्रों के हवाले से ये भी कहा गया था कि इस संबंध में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी.






